सेमरियावां। ईद-उल-फितर को लेकर बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ती जा रही है। हालात यह हो गए हैं कि सुबह दुकान खुलते ही ग्राहक पहुंचने लगते हैं, और देर शाम तक दुकानें खुल रहती हैं। सेमरियावां क्षेत्र के बाजार इन दिनों गुलजार नजर आ रहे हैं। बाजार में देर शाम तक खरीदारी की जा रही है।
ईद पर सेंवई, फल, फ्रूट, खजूर, चूड़ी, क्रीम, माला, कंगन आदि काॅस्मेटिक सामान की अधिक खरीदारी होती है। ईद-उल-फितर जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजार ग्राहकों से गुलजार होते जा रहे हैं। क्षेत्र के सेमरियावां, बाघनगर, सालेहपुर दानोकुइयां, दुधारा, चिउटना, उसराशहीद, लोहरौली, करही समेत अन्य प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। एक ओर जहां महिलाएं डिजायनर सूट, चूड़ी, डुपट्टा और बुर्के आदि सहित कॉस्मेटिक सामान खरीद रही हैं, वहीं पुरुष टोपी, कुर्ता-पायजामा, पैंट, सूट, पसंद कर रहे हैं। बच्चे भी अपनी मन पसंद का सामान खरीद रहे हैं।
इस बार रेडीमेड कपड़ों की डिमांड ज्यादा है। साथ ही जूता, चप्पल, कॉस्मेटिक, चूड़ी आदि दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। ईद के लिए लोग नए कपड़ों से लेकर मेज पोश, बेड शीट, क्राॅकरी और घरों को सजाने तक का सामान खरीदने में जुटे हैं। भीड़ से बचने के लिए वह सुबह दुकानें खुलने से पहले ही बाजार पहुंच जाते हैं। बृहस्पतिवार को भी यही नजारा रहा। बड़े-बुजुर्गों सहित युवा भी कुर्ता पायजामा और शेरवानी को लेकर खासा उत्साह है।
जनपद मार्केट के कपड़ा कारोबारी शिब्लू ने बताया कि इस बार कॉटन का कुर्ता पायजामा ज्यादा बिक रहा है। खासकर युवा ईद की नमाज के लिए कुर्ता पायजामा खरीद रहे हैं। इसके अलावा बाजार में रेडिमेड कुर्ते भी लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।