इटवा। इटवा थाना क्षेत्र के इटवा-बढ़नी मार्ग पर स्थित घोपलापुर गांव में सोमवार को बोलेरो ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक दिलशाद की मौत हो गई।
ई-रिक्शा पर बैठीं सुशीला और उर्मिला घायल हो गईं। इटवा सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कठेला समय माता थाने के गुरव्वाजोत गांव निवासी दिलशाद अहमद (20) पुत्र इसरार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि दिलशाद के ई- रिक्शा में सुशीला (30) और उर्मिला (35) को लेकर इटवा आ रहा था।
अभी वह घोपलापुर गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चालक सहित दोनों महिलाएं घायल हो गईं। घायलावस्था में आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी इटवा पहुंचाया, जहां चालक दिलशाद अहमद को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं उर्मिला को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस संबंध में एसओ रवींद्र सिंह ने कहा कि मृतक की लाश पोस्टमार्टम लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।