देवरिया। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख स्थानों रुद्रपुर मोड़, बस स्टैंड और कसया ओवरब्रिज पर सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस के अभाव, बिना हेलमेट बाइक चलाने, तीन सवारी बैठाने और अवैध हूटर के प्रयोग करने वालों को भी नहीं बख्शा गया। कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा की जांच कर सही कागजात मिलने पर नंबरिंग भी कराई गई। यातायात पुलिस ने कुल 136 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया।