पकड़ी बाजार। डीएम के आदेश पर जिले की दो सदस्यी टीम ने बृहस्पतिवार को पकड़ी से पिपरी मार्ग पर जिला पंचायत विभाग से बन रही नाली का निरीक्षण किया।
इस दौरान नाली में प्रयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर नाली खोदवाकर देखी। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को पकड़ी चौराहे पर बन रही नाली का निरीक्षण किया। इसके निर्माण की गुणवत्ता में कमी मिली।
इय डीएम ने इसकी जांच के लिए कमेटी गठित करने का आदेश दिया। जिला विकास अधिकारी जेपी कुशवाहा की अगुवाई में गठित टीम ने बृहस्पतिवार को पकड़ी से पिपरी मार्ग पर विद्यालय के पहले नाले तक जिला पंचायत विभाग से 43 लाख से बन रही 500 मीटर नाली का निरीक्षण कर नाली के फर्श को भी खोदवाकर देखा, जिसकी गुणवत्ता सही नहीं मिली। नाली की दीवार की मोटाई को नपवाकर देखा जो मानक से कम थी, जबकि दीवार की मोटाई 15 सेमी होनी चाहिए था। नाली की दीवार झुकी हुई है, वहीं बगल में नाले पर रखने के लिए ढाले गए ढक्कन में प्रयोग किए जाने वाले मटेरियल को देखा तथा ढक्कन की मोटाई को भी नपवा कर देखा तो मोटाई कम मिली। मोटाई 10 सेमी होनी चाहिए था।
इस संबंध में जिला विकास अधिकारी जेपी कुशवाहा ने बताया कि पकड़ी से पिपरी मार्ग पर जिला पंचायत विभाग द्वारा किए गए नाली निर्माण की जांच की गई। इस दौरान कमी मिली है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत अभियंता रघुवंश प्रसाद, जेई जयराम प्रसाद आदि मौजूद रहे।