पीईटी : दूसरे के स्थान पर दे रहा था परीक्षा, पकड़ा गया
बांसी के रतनसेन डिग्री कॉलेज में कक्ष निरीक्षकों ने पकड़ा, पुलिस कर रही पूछताछ
सिद्धार्थनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में शनिवार को दूसरे के स्थान पर दे परीक्षा दे रहा युवक पकड़ा गया। बांसी कोतवाली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पकड़ा गया युवक बिहार के गया जिले का निवासी बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
जिले में 12 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा चल रही थी। बांसी कोतवाली क्षेत्र के रतनसेन डिग्री कॉलेज पर परीक्षा के दौरान गेट पर चेकिंग हुई। उसके बाद परीक्षार्थियों को कक्ष में भेजा गया। कक्ष निरीक्षकों की टीम कक्ष संख्या-12 में पहुंची तो एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। प्रवेश पत्र के मिलान में वह संदिग्ध मिला। गेट पर मौजूद पुलिस टीम ने पूछताछ शुरू की तो पोल खुल गया। बताया जा रहा है कि पूछताछ में उसने अपनी पहचान पप्पू कुमार निवासी गया जिला, बिहार बताया।
उसने बताया कि प्रियांशु मौर्य निवासी पड़री जनपद कुशीनगर के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के लिए पुलिस टीम उसे बांसी कोतवाली ले गई। मामले की जांच जारी है। यह जानने की कोशिश में जुटी है कि इस गिरोह के पीछे और कौन-कौन शामिल है। माना जा रहा है कि जल्दी कुछ लोग और दबोचे जाएंगे। इस संबंध में बांसी कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। पूछताछ जारी है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।