तेज हवा के चलते ग्रामीण लाइन के तार 11 हजार वोल्ट से स्पर्श होने से कुसाहटा गांव में हाईवोल्टेज करंट उतर गया। करंट से गांव के आधा दर्जन से अधिक घरों में टीवी, पंखा, फ्रिज सहित घरेलू उपकरण जल गए। आपूर्ति बंद करने की कोशिश में एक व्यक्ति करंट से झुलस गया। ग्रामीणों ने उसे बेंवा सीएचसी में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डुमरियागंज विद्युत उपकेंद्र के कूंड़ी फीडर अंतर्गत कुसाहटा गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक से घरों में हाईवोल्टेज करंट उतर गया। घरों में लगे विद्युत उपकरण एक-एक कर जलने लगे। गांव निवासी मोहम्मद अतीक (45) लाइन काटने का प्रयास करने लगे। इस दौरान हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से झुलस गए। किसी प्रकार करंट से बचाकर ग्रामीणों ने उन्हें बेंवा सीएचसी में भर्ती कराया। गांव में हाईवोल्टेज आ जाने की सूचना विद्युत विभाग को दी गई। जब तक सप्लाई बंद होती तब तक आधा दर्जन से अधिक घरों में लगे विद्युत उपकरण जल गए। गांव के इरशाद के घर में लगा टीवी, पंखा, बल्ब, अब्दुल मजीद का फ्रिज, टीवी, रशीद का टीवी, इन्वर्टर, मो. हनीफ का एसी, कूलर सहित रमजान, सज्जाद आदि के घरों में लगे बल्ब और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। एक घंटे बाद गांव की आपूर्ति बंद हुई तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ रितेश कौशल ने बताया कि कुसाहटा गंाव में विद्युत ट्रांसफॉर्मर के पास तेज हवा के चलते गांव में जाने वाली आपूर्ति का तार हाईवोल्टेज के जंफर से टच होने से हाईवोल्टेज प्रभावित हो गया था। सूचना मिलने के बाद सप्लाई बंद कर फाल्ट को सही कराया जा रहा है।