भारतीय सीमा में आ रहे नेपालियों को एसएसबी जवानों ने खदेड़ा
भारत-नेपाल की खुली सीमा चौकी खुनुवां का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
खुनुवां (सिद्धार्थनगर)। लॉकडाउन में भारत-नेपाल सीमा सील है बृहस्पतिवार को खुनुवा बॉर्डर पर भारतीय क्षेत्र में नेपाल सीमा पर लगभग 400 से 500 की संख्या में नेपाली नागरिकों का हुजूम भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास करने लगा। इस पर एसएसबी के जवान खदेड़ कर नेपाल सीमा की ओर भगा दिया।
एसएसबी 43वीं वाहिनी एसएसबी कैंप खुनुवा के इंस्पेक्टर भोपाल सिंह ने बताया कि नेपाल से अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे करीब 20 लोगों से पूछा गया कि उन्हें भारत की सीमा में आने को किसने कहा है। उन लोगों ने बताया कि नेपाल के कपिलवस्तु जिला के जिलाधिकारी दीर्घ नारायण पौडेल ने कहा है कि आप लोग भारत में जाकर कपड़ा, किराना और जरूरी सामान खरीद सकते हैं। इस पर नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के डंगरी कैंप के इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र भट्टराई को बुलाकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस बाबत लिखित आदेश मांगा गया, जिस पर वे नहीं दिखा पाए। सख्ती से कहा गया कि नेपाल की सीमा से कोई भी नेपाली नागरिक को इधर मत भेजा जाए। सीमा पर हमारे जवान मुस्तैद हैं और किसी भी वांछित गतिविधि को लेकर सतर्क हैं, जिससे सीमा पर शांति सुरक्षा बहाल रहे।