खेसरहा विकास क्षेत्र के करहीबगही के टोला बुढ़वा बुढि़या का मामला
जलनिकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर फैला पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खेसरहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत करहीबगही के टोला बुढ़वा बुढि़या ने सड़क पर फैला घरों का गंदा पानी विशेष संचारी रोग नियंत्रण को आइना दिखा रहा है। सड़क से नाली एक फीट ऊंची होने के कारण घरों से निकला गंदा पानी मुख्य मार्ग पर फैला है। कारण गांव में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। नालियां गंदगी से पटी हुई हैं, उसकी सफाई के लिए कोई कर्मचारी गांव में नियुक्त नहीं हैं। कीचड़ से सनी हुई सड़क पर एक हजार की आबादी कीचड़ से होकर आने-जाने को विवश है। साथ ही जलभराव से उठने वाली दुर्गंध से गांव वाले परेशान हैं।
खेसरहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत करही बगही के टोला बुढ़वा बुढिय़ा में जलनिकासी की सुविधा नहीं होने से लोग परेशान हैं। यहां सड़क पर गंदगी फैली है। लोगों की शिकायतों के बाद भी नालियों को साफ-सफाई और उसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। यहां की आबादी 1000 से अधिक है। लेकिन लोग गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं। गांव में किसी सफाईकर्मी के नियुक्त नहीं होने से लोगों को खुद नाली साफ करना पड़ रहा है। लेकिन सब कुछ जानने के बाद ना तो लोक निर्माण विभाग और न ही ग्राम पंचायत इस पर ध्यान दे रहा है। गांव के राधे विश्वकर्मा, अनिल कुमार, राम किशोर, हरचरण, काशीराम, रामशंकर, विनोद कुमार का कहना है कि अधिकारियों को शीघ्रतिशीघ्र इस पर ध्यान देना चाहिए। इस संबंध में एडीओ पंचायत खेसरहा बांकेलाल का कहना है कि पांच गांवों में एक ही सफाई कर्मचारी तैनात है। जो बारी-बारी से सभी गांव की नालियां साफ करता है। सफाईकर्मी से कहकर गांव की सभी नालियों को साफ करा दिया जाएगा, जिससे यह समस्या दूर हो जाएगी।