संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2025 के तहत तहसील नौगढ़ एवं बांसी के मतदाता पंजीकरण केंद्र का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा बांटे गए गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) एवं जमा किए गए प्रपत्र के बारे में जानकारी ली। इस दौरान डीएम को मतदाता पंजीकरण कार्य में शिथिलता मिली। इस पर बीडीओ और दो बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि लेखपाल द्वारा अपने क्षेत्र के बीएलओ से समन्वय स्थापित करते हुए सभी मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र प्राप्त करा दें तथा मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र भरने के बाद उसको बीएलओ, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्राप्त कर लें। गणना प्रपत्र की फीडिंग में प्रगति लाएं। जो लेखपाल अच्छा कार्य कर रहे हैं उनको फील्ड में भेजकर कार्य में प्रगति लाएं।
जिन बीएलओ की प्रगति कम है उनके सहयोग में किसी कर्मचारी को लगाकर कार्य में प्रगति लाएं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में रुचि न लेने के कारण एईआरओ, खंड विकास अधिकारी नौगढ़ सेक्टर ऑफिसर, खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ एवं खंड शिक्षा अधिकारी जोगिया का स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर एडीएम गौरव श्रीवास्तव एवं उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, उपजिलाधिकारी न्यायिक शशांक शेखर राय उपस्थित रहे।