शोहरतगढ़। जिले में 80 किमी लंबी नेपाल सीमा पर खाद तस्करी को लेकर सख्ती बढ़ गई है। वहीं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सीमावर्ती क्षेत्र चिल्हिया की एक दुकान का निरीक्षण किया। सभी खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि कोई भी खाद विक्रेता ओवररेटिंग व कालाबाजारी न करे, न ही तस्करों के लिए बिक्री करे। दुकान पर किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करें। दुकान पर अगर यूरिया उपलब्ध है तो हीलाहवाली करने की बजाए किसानों को यूरिया अवश्य वितरण करें। उन्होंने कहा कि जिले मे यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है कोई भी दुकानदार व समिति के सचिव किसानों को बेवजह परेशान न करें।
डीएम शिवशरणप्पा ने मंगलवार को चिल्हिया बाजार स्थित संजय ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद रजिस्टर आ गहनता से निरीक्षण करने के बाद रजिस्टर में दर्ज किसानों के मोबाइल पर बात की और उनसे खाद के बारे में जानकारी ली। स्टाक व रजिस्टर की जांच सही पाया गया। उन्होंने कहा कि कोई भी खाद दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर किसानों को यूरिया वितरण करते हुए पाया गया तो उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा।
किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए खाद की दुकानों व समितियों पर गठित किए गए जांच टीम निरंतर जांच करते रहेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि तस्करी पर अंकुश लगाने के क्रम में जनपद के राजस्व विभाग, कृषि विभाग, पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल के जवान लगातार सीमा पर पेट्रोलिंग (गश्त) कर रहे है। तस्करी में पकड़े जाने पर उर्वरक विक्रेता व संदिग्ध व्यक्तियों पर उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।