कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक में डीएम पवन अग्रवाल ने बकाया बिजली बिल की कम वसूली पर नाराजगी जताते हुए वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने समस्त एसडीएम व तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कोर्ट केस अपडेट करें। राजस्व संहिता की धारा 24, 34, 80, 116 के वादों की समीक्षा की गई तथा उसका निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। डीएम पवन अग्रवाल ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को बिल समय से उपलब्ध कराएं। उन्होंने तहसीलों की मासिक रिपोर्ट समय से भेजने का निर्देश दिया। राजस्व की वसूली मे तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करें, वरासत कार्यों में प्रगति लाकर पूर्ण कराएं। वरासत के प्रकरण लंबित न रहे। वाणिज्य कर, आबकारी, परिवहन, बाट-माप, खनन विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बाट-माप तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को बाजारों में दुकानों को चेक करने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्टांप कर, भू-राजस्व वसूली, वन विभाग, मंडी समिति, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य विभागों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिया त्योहारों में मिलावटी सामानों की बिक्री की रोकथाम के लिए दुकानों पर छापा मारें। बाजारों व चौराहों से अतिक्रमण हटवाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि जलजमाव न होने पाए, जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस दौरान एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र, एआईजी स्टांप राजेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु, एआरटीओ सुरेश कुमार मौर्य, एसओसी मेघवरण उपस्थित रहे।