पडरौना। प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला एवं पुरुष तैराकी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर जिला स्तरीय ट्रायल 25 जून को आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल के बाद वाराणसी में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित होने वाली चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उप क्रीड़ा अधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल 25 जून 2026 को सुबह 10 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम कुशीनगर में आयोजित होगा। इसके बाद मंडलीय स्तर का चयन एवं ट्रायल 30 जून 2026 को सुबह 10 बजे से सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि मंडलीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी 10 से 12 जुलाई 2026 तक वाराणसी में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला एवं पुरुष तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में प्रत्येक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अधिकतम पांच स्पर्धाओं में भाग ले सकेगा। इसमें 14 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के तैराक प्रतिभाग करने के पात्र होंगे। वर्ष 2012 में जन्म लेने वाले खिलाड़ी भी सीनियर वर्ग की जनपद एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। -प्रतियोगिता के अंतर्गत फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्री स्टाइल रिले, मेडले रिले, मिश्रित फ्री स्टाइल रिले तथा मिश्रित मेडले रिले स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। ै