डेल्टा रैंकिंग में जिले को प्रदेश में पहला स्थान
नीति आयोग भारत सरकार ओर से जारी हुई रैकिंग में देश में छठवां स्थान मिला
मासिक प्रगति के आधार पर छह विषयागत क्षेत्र शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नीति आयोग भारत सरकार की ओर से देश के 112 जनपदों की डेल्टा रैंकिंग में सिद्धार्थनगर को देश में छठवां और प्रदेश में आठ जिलों में पहला स्थान हासिल हुआ है। यह रैकिंग छह विषयगत क्षेत्रों यथा स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन एवं आधारभूत अवसंरचना में की गई मासिक प्रगति के आधार पर जारी किया जाता है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर समेत चित्रकूट, बलरामपुर, फतेहपुर, बहराइच, चंदौली, सोनभद्र एवं श्रावस्ती को आकांक्षात्मक जनपद के रूप में नीति आयोग की ओर से वर्ष 2018 में चयनित किया गया था। नीति आयोग ने नवंबर 2020 की डेल्टा रैकिंग जारी की है। इसमें सिद्धार्थनगर देश में छठवां स्थान प्राप्त कर प्रदेश में पहले पायदान पर है। जबकि अन्य जनपद चित्रकूट नौंवे, बलरामपुर 71वें, फतेहपुर 49वें, बहराइच 106वें, चंदौली 21वें, सोनभद्र 79वें एवं श्रावस्ती 111वें स्थान पर है। बताया कि अक्तूबर 2020 में भी जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। जबकि फरवरी 2020 में भी नीति आयोग की जारी डेल्टा रैकिंग में द्वितीय स्थान पर रहा है। नीति आयोग की ओर से जारी ‘योजना प्रारंभ से अब तक’ देश के 112 जनपदों में द्वितीय स्थान पर तथा स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र के प्रगति में चौथे स्थान पर एवं शिक्षा क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है।