सिद्धार्थनगर। हर घर जल योजना ठेकेदारों के मनमानी का शिकार हो गया। शुद्ध जल के नाम पर गांव की गलियां जर्जर हो रही हैं। ठेकेदार पाइप लाइन बिछाने के बाद उसे ठीक कराने के बजाय खुदाई करके चलते बन रहे हैं। ग्रामीणों की आपत्ति पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। मामला मिठवल ब्लॉक क्षेत्र के तिगोड़वा गांव से जुड़ा हुआ है।
क्षेत्र के तिगोड़वा में कायाकल्प योजना के तहत वाटर सप्लाई टैंक का निर्माण कराया गया है। जिससे आसपास के गांव तिगोड़वा, बनगवां, रमवापुर, रामभारी में गांव की सड़कों और गलियों की खुदाई करके वाटर सप्लाई पाइप डाला गया। लेकिन पाइप डालने के बाद टूटे गली और सड़कों की मरम्मत किए बगैर ठेकेदार चलता बने। जिससे ग्रामीणों को को काफी कठिनाई हो रही है। रमवापुर गांव निवासी सतीश चंद्र, राजू, दिनेश कुमार, सचिन चौधरी, राहुल राम, लौटन सहित आदि लोगों ने बताया कि काफी जहओजद के बाद गांव की सड़कें बनी थी। उसे भी पानी की पाइप बिछाने के लिए खोल दिया गया। बनगवां द्वितीय के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवशंकर यादव ने बताया कि पाइप बिछाते समय ही ठेकेदार से कहा गया था। जो सड़क तोड़ रहे हो उसकी मरम्मत करवा देना उसने आश्वासन तो दिया था। पर चार माह का समय बीत जाने के बाद भी कोई ठीक करने नहीं आया। गांव मो. हारून, सुग्रीव चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, अकबर, रामकुमार आदि मौजूद रहे।