भारतभारी। डुमरियागंज विकास खंड के मड़हली से जमौता जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल हो चुका है। सड़क की गिट्टियां उखड़ जाने से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर साइकिल और बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, मड़हली से जमौता होकर बेंवा जाने के लिए यही प्रमुख मार्ग है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से लोग इस रास्ते से गुजरने से कतराने लगे हैं। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी गिट्टियों के कारण आए दिन राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण चाहे लोक निर्माण विभाग से हुआ हो या प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत, समय पर मरम्मत न होने के कारण उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण रामनरेश, जमील अहमद, इंतेजार, मुश्ताक, राधेश्याम, परसू राम और महेश सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से मड़हली-जमौता मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।