सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में टेलीकॉम कंपनी के टावरों के लिए ले जाए जा रहे 660 लीटर डीजल की लूट और मारपीट की वारदात का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, खुद को लूट और मारपीट का शिकार बताने वाले बहराइच निवासी ऐनुल और साथी अकबर डीजल चोरी के मास्टरमाइंड निकले। ढेबरुआ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का तीन ड्रम डीजल और पिकअप बरामद कर ली।
प्रभारी निरीक्षक ढेबरुआ दुर्गा प्रसाद ने बताया कि 17 जुलाई को एक टावर कंपनी के कर्मचारी आशीष यादव ने तहरीर देकर बताया था कि 16 जुलाई की रात चालक ऐनुल उर्फ मोनू कंपनी का डीजल लेकर कटैयाभारी स्थित टावर की ओर जा रहा था। रास्ते में ढेकहरी चौराहा और महादेव खुर्द गांव के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने वाहन रोककर चालक और उसके साथी अकबर अली के साथ मारपीट की।
वाहन से 660 लीटर डीजल लूट लिया गया। सूचना पर ढेबरुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को दोनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों पर संदेह हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामला खुल गया।
रविवार को राप्ती मुख्य नहर के धनौरा पुल के पास से पुलिस ने चालक ऐनुल उर्फ मोनू और उसके साथी अकबर अली उर्फ दानिश अली को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया तीन ड्रम डीजल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी ऐनुल उर्फ मोनू और अकबर अली उर्फ दानिश अली दोनों थाना रानीपुर जनपद बहराइच के गौरिया गांव के निवासी हैं। पूछताछ करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।ि