भैंस को बचाने के प्रयास में ट्रेन से कटकर एक की मौत
फोटो-
शोहरतगढ़ क्षेत्र के खड़कुइयां नानकार गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
परसा। शोहरतगढ़ क्षेत्र में महथा रेलवे स्टेशन के पश्चिम खड़कुइयां नानकार गांव के पास सोमवार को भैंस बचाने के प्रयास में एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शोहरतगढ़ क्षेत्र के गोल्हौरा गांव निवासी शिवपूजन यादव (38) पुत्र रामशंकर यादव सोमवार सुबह भैंस चराने गया था। उसकी भैंस चरते हुए गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर महथा रेलवे स्टेशन से पश्चिम तरफ खड़कुइयां नानकार गांव के पास रेलवे लाइन किनारे चली गई। इसी बीच 75002 गोंडा-गोरखपुर डेमो ट्रेन आ गई, इसकी हॉर्न की आवाज सुनते ही भैंसें रेलवे लाइन की ओर भागने लगी। भैंसों को बचाने के प्रयास में शिवपूजन ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस व मृतक के घरवालों को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शोहरतगढ़ इंस्पेक्टर अवधेश राज सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के मुताबिक मृतक पूरी रात धान की नर्सरी में पानी चला रहा था और सुबह होते ही अपनी भैंसों को चराने के लिए रेलवे लाइन के पास चला गया, जहां उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
शिवपूजन की मौत से अनाथ हो गया परिवार
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के खड़कुइयां नानकार गांव के पास भैंस को बचाने के प्रयास में गोल्हौरा गांव निवासी शिवपूजन यादव की मौत से उसका परिवार अनाथ हो गया। इस घटना से उसके परिवार पर विपत्ति टूट पड़ा। मृतक के पास दो पुत्रियां सुषमा (19), पूनम (16), और दो पुत्र विवेक (12), व विक्की (8) हैं। इसमें बड़ी बेटी सुषमा का विवाह हो चुका है। मौत की खबर सुनकर मृतक की पत्नी सुनीता बार-बार अचेत हो जा रही है।