काठमांडू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे बाबा बागेश्वर।
सिद्धार्थनगर। नेपाल के नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पूर्वी) के डुमकौली स्थित शास्वतधाम में शनिवार से विराट हनुमान कथा प्रवचन प्रारंभ हुआ। सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से काठमांडू पहुंचे बागेश्वरधाम के धीरेंद्र शास्त्री का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। उनकी नेपाल यात्रा चौधरी ग्रुप और सीजी कॉर्प ग्लोबल के प्रबंध निदेशक वरुण चौधरी के निमंत्रण पर हो रही है।
चौधरी समूह के प्रबंधक रामचंद्र धीताल ने बताया कि भारत के प्रसिद्ध धर्म गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर बाबा) का यहां के शास्वतधाम में तीन दिनों तक हनुमान कथा का प्रवचन का कार्यक्रम है। शास्त्री 19,20,21 अगस्त तक शाश्वत धाम में हनुमान कथा सुनाएंगे। कार्यक्रम प्रबंधन समूह के सदस्य जनक खड़का ने बताया कि उनका काठमांडू में प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल से मिलने का कार्यक्रम है। नेपाल पहुंचे शास्त्री ने पशुपतिनाथ के दर्शन किए। शास्वतधाम में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित कथा में 11 हजार से अधिक लोग शामिल रहे। कथा सुनने के लिए शास्वतधाम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पास की व्यवस्था की गई है। संवाद