शहर के कपडे वाली गली में दीपावली के अवसर पर लगने लगी भीड़। संवाद
फोटोधनतेरस कल : मनपसंद सामान के लिए हो रही बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। एक दिन बाद शुक्रवार को धनतेरस है। इस शुभ अवसर पर लोग सामान खरीदेंगे और उन्नति की कामना करेंगे। इस पर्व में ग्राहकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए बाजार भी तैयार है। अच्छे ऑफर हैं तो विशेष मुहूर्त पर मनपसंद सामान की खरीद के लिए लोग बुकिंग भी करा रहे हैं।
धनतेरस से पहले बाजार सज गया है। रात में दुकानों की सजावट बाहर से दिख रही है। जबकि अंदर भी भरे हुए स्टॉक के साथ साज-सज्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सोने-चांदी की दुकानों में लोगों ने पहले ही बुकिंग करा ली है। स्वर्ण व्यवसायी अजय कसौधन का कहना है कि धनतेरस के मुहूर्त के लिए डिजाइनदार ज्वेलरी मंगाई गई है। इस दिन ग्राहकों की संख्या अधिक रहती है। लाेगों को आभूषण पसंद करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है, इसलिए जागरूक ग्राहक धनतेरस से एक-दो दिन पहले ही बुकिंग कर लेते हैं। यही कारण है कि बाजार में बृहस्पतिवार को भी रौनक रहेगी।
धनतेरस में बर्तन की दुकानों में ज्यादा तैयारी की गई। बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसमें कुकर व किचन के अन्य उपयोगी सामान की बिक्री अधिक हो रही है। इसी प्रकार वाहन, फर्नीचर व सजावट के सामान भी खूब बिकने वाले हैं। बाइक एजेंसी के मालिक सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि इस बार धनतेरस में पहले बुक वाहनों की बिक्री ज्यादा होगी। हालांकि, सुबह से देर रात तक ग्राहकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।