भवानीगंज के जलालपुर में युवक की मौत के बाद विलाप करती बहन।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के बगीचे में बुधवार की देर शाम दिव्यांग युवक ने संदिग्ध हाल में पेड़ से लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता ने अपने ही बड़े बेटे को दिव्यांग की मौत का जिम्मेदार बताते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जलालपुर गांव निवासी रामसूरत के 4 बेटों में दूसरे नंबर दिनेश (24) वर्ष 2015 में कमाई के लिए मलेशिया गया था। वहां स्टील फैक्ट्री में काम के दौरान हुए हादसे में उसका दाहिना पैर व हाथ खराब हो गया था। घर लौटने के बाद कृत्रिम अंग लगवाकर उसने आजीविका के लिए भवानीगंज चौराहे पर कपड़े की दुकान खोल ली। बताते हैं कि चारों भाइयों में सिर्फ बड़े भाई की ही शादी हुई थी। बड़ा भाई घर की खेती किसानी भी करता था। परिवार में अक्सर कलह की स्थिति बनी रहती थी। बुधवार की दोपहर में खाना खाने दिनेश दुकान से घर आया था। शाम करीब 5 बजे गांव के पूरब स्थित बगीचे में चिलबिल के पेड़ से उसकी लटकती लाश मिली।
पहचान के आधार पर ग्रामीणों ने घर वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची भवानीगंज पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने अपने बड़े बेटे को घटना का जिम्मेदार बताते हुए तहरीर दी है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।