शोहरतगढ़ के वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी में बल्लेबाजी करते खिलाड़ी
शोहरतगढ़। सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी शोहरतगढ़ मैदान में बुधवार को शुरू हुए सीजन-2 गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट में देवरिया ने बिहार राज्य के पटना को तीन रनों से हराया।
देवरिया के कप्तान दिनेश यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में देवरिया ने सभी विकेट खोकर 161 रन बनाए। अखिलेश यादव ने 32 रन, आकाश ओझा ने 25 रन, विवेक सिंह ने 21 रन व कृष्णा पांडेय ने 18 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना 20 ओवर में सात विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य से तीन रन दूर रह गई और 158 रन ही बना सकी। टीम के लोकेश बर्मन ने 41 रन, प्रवेश ने 37 रन व प्रशांत ने 21 रनों का योगदान दिया। तीन विकेट लेने वाले देवरिया के कप्तान दिनेश यादव मैन ऑफ द मैच रहे।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया व खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पंचायत शोहरतगढ़ के अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, श्यामसुंदर चौधरी, मनीष श्रीवास्तव, संजय कौशल, सूर्य प्रकाश पांडेय, विक्रांत सिंह आदि मौजूद रहे।