भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कटरिया पांडेय में अर्धनिर्मित सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार है। लापरवाही के चलते निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया और लोग भवन का इस्तेमाल लकड़ी व उपले रखने के लिए कर रहे हैं।
गांव के छोटू चौरसिया, राजू विश्वकर्मा, लल्ला, संतोष आदि ने बताया कि पिछले दो सालों से गांव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण अधर में लटका है। बाहर से चूना, पेंट और छत पर पानी की टंकी तो लगा दी गई है। लेकिन, भीतर का काम अधूरा है। न तो फर्श बनाया गया और न ही सीट लगाई गई, जिसके चलते सामुदायिक शौचालय लोगों के लिए बेमानी साबित हो रहा है। इस संबंध में एडीओ पंचायत संजय पटेल ने बताया कि सामुदायिक शौचालय का कार्य पूर्ण न होने की जानकारी है, शीघ्र ही कार्य को पूरा कर शौचालय को लोगों के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा।