पुराना नौगढ़ क्षेत्र में जिला अस्पताल बनाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन
इस क्षेत्र में कभी तहसील, रजिस्ट्री कार्यालय हुआ करता था
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय को पुराना नौगढ़ क्षेत्र में बनाने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
जिला चिकित्सालय का समायोजन मेडिकल कॉलेज में होने और नए स्थान पर इसे स्थापित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भूमि की तलाश की जा रही है। इसकी सुगबुगाहट के बीच पुराना नौगढ़ क्षेत्र के आसपास इसे बनाने मांग की गई है। शुक्रवार को भाजपा नगर महामंत्री राजेश जायसवाल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी उमेश चंद्र निगम से मिला। इस मौके पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगपत्र में उल्लेख किया कि पुराना नौगढ़ और आसपास के क्षेत्र की आबादी एक लाख से अधिक हैं, जहां चिकित्सा व्यवस्था बेहतर नहीं है। ऐसे में जब जिला अस्पताल के लिए भूमि तलाश की जा रही है तो बर्डपुर नंबर 14, जो नौगढ़ से सटा है। वहां ग्राम पंचायत की खाली पड़े जमीन का उपयोग किया जा सकता है। पूर्व में यहां तहसील और रजिस्ट्री कार्यालय, महिला अस्पताल था। जिला बनने के बाद से सभी का अस्तित्व समाप्त करते हुए अन्यत्र स्थापित कर दिया गया। ज्ञापन में लक्ष्मीकांत जायसवाल, संतोष गोंड, प्रदीप गुप्ता, अनवर अली, कलीमुल्लाह, संतोष गुप्ता, गुलाब चंद्र यादव, ओमप्रकाश सिंह, विनोद कुुमार, महेश प्रसाद, गोरखनाथ, ओम प्रकाश यादव के हस्ताक्षर हैं।