भरोहिया (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र के शुकुलपुरवा भगवानपुर में नशीली गोलियों की सप्लाई का गंभीर मामला सामने आया है। मुन्नालाल वर्मा ने पीपीगंज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपने बेटे को नशे की गोलियां उपलब्ध कराने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि नगर पंचायत का ही एक युवक उनके पुत्र को घर की खिड़की के रास्ते लगातार नशीली गोलियां सप्लाई करता है। उनके पास इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को खिड़की से घर के अंदर नशीली गोलियां फेंकते हुए साफ देखा जा सकता है।
मुन्नालाल वर्मा ने बताया कि डॉक्टर के पर्चे के बिना मिलने वाली इन गोलियों ने उनके बेटे का जीवन बर्बाद कर दिया है और परिवार संकट में है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डर के कारण पीड़ित युवक को घर में ही रखा जाता है फिर भी आरोपी वहां तक नशा पहुंचा देता है। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।