पेड़ की डाल से लटकता मिला युवक का शव
मोहाना थानाक्षेत्र के भुजौली गांव के टोला खरहरा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ककरहवा। मोहाना थानाक्षेत्र के भुजौली गांव के टोला खरहरा में सोमवार सुबह बाग में डाल के सहारे फंदे से लटकता हुआ एक युवक का शव मिला। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र के भुजौली गांव के टोला खरहरा गांव निवासी रूपेश (20) रविवार देर रात खाना खाने के बाद घर से निकला था। देर रात तक परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव के लोग बाग की ओर गए थे। वहीं आम के पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटकता हुआ रूपेश का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। रूपेश के पिता फूलचंद के अनुसार रविवार को रूपेश रात में खाना खाने के बाद गांव में घूमने गया था, लेकिन पूरी रात घर नहीं आया। रात में उसे खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार की सुबह गांव के पूरब तरफ बाग में आम के पेड़ से रूपेश की लटकती हुई लाश मिली। रूपेश ने जो लोवर पहना रखा था उसी से फंदा लगा लिया था। रूपेश के पिता ने इसकी सूचना मोहाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष मोहाना जयप्रकाश दुबे मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। आगे मामले कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।