- पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा
- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बुढि़याटार गांव के दक्षिण दिखी लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बुढिय़ाटायर गांव के दक्षिण बाढ़ के पानी में लोगों को एक लाश दिखी। जिसकी सूचना मिलने पर बगल के गांव भरवठिया मुस्तहकम के लोग भी आ गए। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी सुखराम उर्फ सुखा (65) बृहस्पतिवार को खेत देखने की बात कहकर घर से निकला था। बृहस्पतिवार देर शाम जब सुखराम घर नहीं लौटा तो परिजनों ने अपने रिश्तेदारों व मित्रों को फोन कर पता किया। मगर सुखराम के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी। शुक्रवार को मृतक की पत्नी चंद्रावती ने पति के गुमशुदा होने की लिखित सूचना डुमरियागंज पुलिस को देकर अनहोनी की आशंका जताई थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बुढि़याटार गांव के दक्षिण बाढ़ के पानी में लोगों को एक शव उतराता दिखा। जिसकी सूचना बगल के गांव भरवठिया मुस्तहकम तक हुई तो लोग जुट गए और शव को करीब से देखने पर उसकी पहचान भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी सुखराम उर्फ सुखा के रूप में हुई। लोगों ने इसकी सूचना डुमरियागंज पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची डुमरियागंज पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी चंद्रावती को छोड़ गया है, बच्चे नहीं है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज रमेश कुमार यादव ने कहा कि शुक्रवार को गुमशुदगी की सूचना मिली थी। शनिवार को लाश मिली है, जिसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।