घोसियारी। खेसरहा थाना क्षेत्र के महुई नानकार टोला शेखडीह में युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमरे में फंदे के सहारे युवती का शव लटका मिला। घटना बृहस्पतिवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, महुई नानकार गांव के टोला शेखडीह निवासी रंगीता (20) पुत्री रामसुभग का बृहस्पतिवार देर शाम घर के कमरे में छत के कुंडे में साड़ी से बने फंदे के सहारे शव लटका मिला। बताया जा रहा है कि मृतका की मां निर्मला घटना के समय घर पर नहीं थी।
वह सकारपार चौराहे पर दवा लेने गई थी। मृतका के पिता के पिता पैरालाइज हैं, जिससे वह घर के बाहर बने तीन शेड में रहते हैं। घटना के समय वह शेड में थे। जब मां दवा लेकर आई तब घर का चैनल बंद था। चैनल खोलकर अंदर गई तो कमरे में देखा कि रंगीता का शव कमरे में छत की कुंडे के सहारे साड़ी से लटक रहा है।
उसी फंदे को हंसिया से काटकर शव को नीचे उतारा था। उसके बाद अगल बगल के लोग पहुंच गए।मृतका के दो भाई है जो बाहर कमाते हैं।
इस संबंध थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि पंचायतनामा आदि भरकर शव की पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।