ससुराल गए युवक की खेत में मिली लाश, हत्या की आशंका
बिस्कोहर। ससुराल जाने के लिए पांच दिन पूर्व निकला मिश्रौलिया थाना के गौरडीह गांव के टोला चौधरी डीह निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार देर शाम कठेला समय माता थाना के सोहरांव ग्रांट गांव के धान के खेत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
क्षेत्र के गौरडीह गांव के टोला चौधरी डीह निवासी रमजान (35) 23 अक्तूबर शाम चार बजे अपनी पत्नी से यह कह कर निकला कि वह कठेला समय माता थाना के कठेला जुनूबी के कठेला हसन नगर ससुराल जा रहा है। रात तक वह घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने कठेला समय माता थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज करा दिया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस व रमजान के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन सुराग नहीं मिल सका था।
बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सौरहवा ग्रांट गांव के पूरब सीवन में पशु चराने गए ग्रामीणों ने धान के खेत में शव देखकर शोर मचाया तो भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान रमजान के रूप में हो गई। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष समय माता कठेला सतीश कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम लाश मिलने की खबर मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंच गई थी। मृतक की शिनाख्त रमजान के रूप में हुई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।