सिद्धार्थनगर। जिला सहकारी फेडरेशन (डीसीएफ) लिमिटेड के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित अजय उपाध्याय एवं उपाध्यक्ष देव प्रकाश निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके साथ डायरेक्टर पद पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
सहकारी समिति तेतरी बाजार में डीसीएफ के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए मात्र एक-एक नामांकन हुआ। जिसके बाद अजय उपाध्याय को अध्यक्ष एवं देव प्रकाश को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इससे पूर्व जिले के विभिन्न क्षेत्रों से डायरेक्टर पद के लिए हुए चुनाव में भी आशीष शुक्ला, पुष्पा, महेंद्र प्रसाद, किरन, अभिषेक त्रिपाठी, अशोक कुमार, वीरेंद्र त्रिपाठी, अशनारायण सिंह, सोनी उपाध्याय को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन से भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त रही। भाजपा जिला संयोजक कन्हैया पासवान ने कहा कि यह निर्विरोध निर्वाचन भाजपा के नीतियों और सरकार के जनहित के कार्यों की जीत है। इस दौरान जिला महामंत्री विजय कांत चतुर्वेदी, विपिन सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि खुनियांव राजेंद्र दुबे, केशभान राय, जिला मंत्री फतेह बहादुर सिंह, नगर अध्यक्ष अर्चिष्मान मिश्र, अरविंद उपाध्याय ने हर्ष व्यक्त करते हुए पदाधिकारियों को बधाई दी।