सिद्धार्थनगर। परिषदीय विद्यालय में 16 मार्च से शुरू होने वाली वार्षिक परीक्षा की तिथि बदल गई है। 16 के बजाए अब 20 मार्च से परीक्षा शुरू होगी। इस परीक्षा में लगभग 2280 विद्यालयों के 2.86 लाख से अधिक बच्चे शामिल होंगे। लेकिन अधिकांश विद्यालयों में कोर्स पूरा नहीं हुआ है। अधूरी पढ़ाई के बीच बच्चे परीक्षा में बैठेंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने पत्र जारी कर परिषदीय स्कूलों में होने वाली परीक्षा की तिथि 20 मार्च से 27 मार्च तक होने की जानकारी किया है। परीक्षा 20 मार्च से आरंभ होकर 23 मार्च तक अनवरत चलेगी। इसके बाद 24, 25 और 26 तारीख को होली अवकाश रहेगा। 27 तारीख को परीक्षा समाप्त होगी। परीक्षा के लिए पेपर जिला स्तर पर डायट के माध्यम से पेपर तैयार किए जान हैं। पेपर में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। जिले में 2262 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय है। इनमें 2 लाख 86 हजार 229 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक के बच्चे सिर्फ मौखिक परीक्षा के आधार पर पास कर दिए जाएंगे। जबकि कक्षा दो से पांच तक के बच्चों को लिखित और मौखिक परीक्षा दोनों देनी पड़ेगी। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को केवल लिखित परीक्षा देनी होगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी करते हुए विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। इसमें सुबह 9:15 से 11:45 बजे तक और दोपहर 12:15 से 2:45 बजे तक होगी।
परीक्षा करवाने के लिए पेपर आ गया है। प्रधानाध्यापकों को इसके मॉडल की भी जानकारी दे दी गई थी। परीक्षा की तारीख बढ़ गई है। मगर इसका कारण नहीं पता है। विभाग से जो दिशा निर्देश मिला है, उसी के अनुरूप परीक्षा करवाई जाएगी।
-संजय कुमार, बीईओ डुमरियागंज