शाहपुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव में सोमवार से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीण मोमबत्ती की रोशनी के सहारे रात गुजार रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों की सुस्त रफ्तार पर रोष व्यक्ति करते हुए गांव में जल्द बिजली सप्लाई बहाल करवाने की मांग की है।
सोमवार को आई आंधी में रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव में जाने वाली मुख्य बिजली की सप्लाई का खंभा जर्जर होने के चलते टूट कर जमीन पर गिर गया था। गनीमत रही कि उस समय सड़क से कोई सड़क से गुजर नहीं रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यही हाल गांव में कई स्थानों पर हुआ। बिजली के खंभे गिरने के दो दिन बाद जिम्मेदारों ने गांव में बिजली बाधित होने का संज्ञान में लिया। कुछ स्थानों पर टूटे खंभे बदलवा दिए गए, लेकिन लेकिन जिम्मेदार खंभे पर तार दुरुस्त करना भूल गए। इसके चलते शनिवार तक गांव में बिजली बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीण लोमेश पांडेय, संजय गौड़, राजकुमार, नसिबदार खान, आदि लोगों ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों से मांग की कि गांव में जगह-जगह टूटे बिजली के खंभे व तार को सही करवाकर बिजली सप्लाई बहाल की जाए।
इस संबंध में जेई विनीत कुशवाहा ने कहा रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव में शुक्रवार को मैं खुद लगा रहा और काम करवाया है। आज भी लोग गांव में काम कर रहे हैं। शुक्रवार को देर शाम तक गांव के अधिकतर हिस्सों की सप्लाई बहाल कर दी गई है, जहां बाधित है वहां भी बहाल करने की कोशिश जारी है।