साइबर सेल ने एसएसबी के निरीक्षक के खाते में वापस कराई रकम
सिद्धार्थनगर। क्रेडिट कार्ड की रकम की लिमिट बढ़ाने के नाम पर एसएसबी के निरीक्षक से ठगी हो गई। उसके बाद साइबर सेल की सक्रियता से उनकी रकम वापस उनके खाते में आ गई। टीम की सक्रियता से 49,712 रुपये उनके खाते में आ गए।
एएसपी सुरेश चंद रावत ने बताया कि एसएसबी निरीक्षक बृजनंद कुमार के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए कॉल आई। उनके मोबाइल फोन पर एक मैसेज आया और उसे क्लिक करते ही बैंक खाते से 49,712 रुपये की ठगी हो गई। इस मामले की शिकायत साइबर सेल से की गई। उसके बाद टीम मामले की छानबीन में जुट गई थी।
टीम के प्रयास से बैंक खाते में वापस रकम आ गई। साइबर सेल प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि अगर कोई ठगी का शिकार होता है तो उसे तत्काल सूचना देनी चाहिए। तत्काल जानकारी मिलने से बैंक खाते पर रोक लगा दी जाती है। इससे और धनराशि खाते से नहीं जाएगी। साथ ही रकम को वापस कराने में आसानी रहती है।