बढ़नी स्टेशन के रिटायरिंग रूम से सुपारी बाहर निकलवाते सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। कस्टम और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की देर शाम बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर से 100 बोरी से अधिक नेपाली सुपारी बरामद की।सुपारी स्टेशन के रिटायरिंग रूम में रखा हुआ था। बरामदगी के दौरान टीम को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। लामबंद तस्करों ने पथराव कर दिया। इससे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति बन गई। करीब 20 मिनट तक संघर्ष की स्थिति रही। सुरक्षा बलों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। तस्कर भागने में सफल रहे। इतनी भारी मात्रा में सुपारी की बरामदगी से हड़कंप मच गया है। कस्टम ने माल को सुपुर्दगी में ले लिया है।
बढ़नी कस्टम को मुखबिर के जरिए स्टेशन के रिटायरिंग रूम में कई बोरों में भरकर सुपारी की तस्करी रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर सतर्क हुईं कस्टम अधीक्षक राधिका त्रिपाठी ने एसएसबी के बीओपी इंचार्ज कृष्णा यादव के साथ एक संयुक्त टीम स्टेशन पहुंची तो यहां रिटायरिंग रूम में 100 से अधिक बोरियों में सुपारी रखा हुअ मिला। टीम इसे निकलवाने लगी, इसी दौरान तस्कर दुस्साहस दिखाते हुए विरोध पर उतर आए।
इतना ही नहीं वे पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिए। तस्करों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। इससे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति बन गई। इस बीच तस्करों ने कस्टम के दो सिपाहियों को बंधक बना लिया। आरपीएफ भी मौके पर पहुंची तो भगदड़ का लाभ पाकर तस्कर फरार हो गए। बाद में सुपारी जब्त करते हुए टीम कस्टम कार्यालय ले गई। यहां देर रात तक लिखा-पढ़ी की प्रक्रिया जारी थी। कस्टम अधीक्षक राधिका त्रिपाठी ने बताया कि सौ बोरी से अधिक सुपारी स्टेशन परिसर से बरामद हुई है।
इसकी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कस्टम के सिपाहियों को बंधक बनाने की सूचना गलत बताया। कहा तस्करों की तलाश जारी है। टीम में कस्टम अधीक्षक आरके सिंह, लोकेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर हिमांशु, विमलेश यादव, राजेश, सूर्यभान यादव, केके श्रीवास्तव, रामकुमार, अशोक कुमार सहित एसएसबी के कृष्ण मुरारी, राजीव कुमार, समाधार, प्रमोद आदि शामिल रहे।