पूर्व सीएम अखिलेश यादव व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बीएसए मैदान में सपा मुखिया अखिलेश यादव की सभा में जुटी भीड़ हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक दौड़ती रही। लोगों में उत्साह का आलम यह था कि वह कुर्सियों, पानी टैंकर के साथ खंभे तक पर चढ़कर अखिलेश यादव की झलक पाने के लिए बेताब नजर आए। यहां तक कि लोगों की बेकाबू भीड़ से बैरिकेटिंग भी टूट गए, लेकिन अशांति नहीं फैली और कोई हादसा नहीं हुआ। वहीं बर्डपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सभा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
बीएसए मैदान में आयोजित सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा में लगाया गया टेंट का दायरा लगातार बढ़ रही भीड़ के सामने छोटा पड़ता नजर आया। यहां तक कि जितनी भीड़ पंडाल में रही, उससे कहीं अधिक भीड़ हेलीपैड के पास खड़ी नजर आई। सपा नेता की सभा शुरू होते ही आसपास खड़े लोग भी मंच की तरफ आ गए। सभा शुरू होने पर पंडाल का दायरा छोटा होने से लोग बाहर धूप में भी खड़े होकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संबोधन सुनते दिखे। इस बीच कुछ लोग अपने बच्चों को कंधे पर बैठाकर अखिलेश यादव को दिखाते नजर आए। जबकि एक उत्साही कार्यकर्ता टेंट के पोल पर चढ़कर भाषण सुनते नजर आया। इस बीच वहां पीने के पानी की व्यवस्था के लिए मंगाए गए पानी टैंकर पर भी चढ़कर भाषण सुनते दिखे। वहीं बर्डपुर में आयोजित डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या की सभा में भीड़ रही।
भाजपा के नमूना पत्र से गायब सपा व बसपा का सिंबल
सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की ओर से जारी किए ईवीएम के नमूना पत्र में दूसरे नंबर पर बसपा का चुनाव निशान और तीसरे नंबर से सपा का चुनाव निशान गायब दिख रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पहले से ही झूठ का सहारा लेने लगी है। उन्होंने लोगों से सपा व इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के चुनाव निशान को याद दिलाया। मामला यह है कि डुमरियागंज लोकसभा सीट से ईवीएम में छह प्रत्याशियों में पहले स्थान पर भाजपा का सिंबल, दूसरे पर बसपा का सिंबल और तीसरे पर सपा का सिंबल होना चाहिए। लेकिन भाजपा प्रत्याशी के नमूना पत्र में दूसरे नंबर कांग्रेस का सिंबल और तीसरे नंबर पर राष्ट्रीय जनता दल का सिंबल छपा हुआ है। वहीं अन्य तीन प्रत्याशियों के सिंबल सही छापे गए है।