इटवा। थाना क्षेत्र के मेहदानी गांव में रविवार की दोपहर एक युवक की फंदे से लटकती हुई लाश मिली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के पीछे पत्नी से विवाद बताया जा रहा है।
क्षेत्र के मेहदानी गांव निवासी अमर लाल (19) पुत्र फागू गौतम सुबह खाना खाने के बाद घर से निकला था। बताया जा रहा है कि दोपहर में वह घर लौटा तो पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद मामला शांत भी हो गया। परिवार के सदस्य बरामदे मेें सोए हुए थे और पत्नी घर में कुछ काम कर रही थी, जबकि अमर लाल अपने कमरे में चला गया। काफी समय तक जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो परिवार के लोग बुलाने लगे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
शक होने के बाद परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो छत के कुंडे से लाश लटक रही थी। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ अंजनी कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण मौत की वजह बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।