डुमरियागंज। जमीन की पैमाइश के विवाद में मध्यस्थता करने पहुंचे ग्राम प्रधान की जमकर पिटाई कर दी गई। चुनावी रंजिश को लेकर हुए हमले में प्रधान की पैर की अंगुली टूट गई है। बचाव में पहुंची पत्नी व भाई भी बुरी तरह जख्मी हो गई। मामला भवानीगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव का है। प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव के प्रधान अफजाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शनिवार की देर शाम करीब 6 बजे गांव के समीउल्लाह ने उन्हें फोनकर अपने घर पर बुलाया और कहा कि कुछ लोग उसके जमीन की पैमाइश करने आए हुए हैं, जबकि उस जमीन की पैमाइश सीओ डुमरियागंज के सामने पूर्व में हो चुकी है।
यह सुनकर अफजाल समीउल्लाह के घर पहुंच गए। जैसे ही प्रधान वहां पहुंचे कि पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से प्रधान अपनी जान बचाने के लिए समीउल्लाह के घर में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया।
मगर दूसरे पक्ष के दंबंगों ने दरवाजा तोड़कर प्रधान को बाहर घसीटकर बेरहमी से पिटाई करने लगे। मारपीट की खबर पाकर प्रधान की पत्नी निकहत व भाई नियाज भी वहां पहुंचकर बचाव करने लगे। आरोपियों ने उन दोनों समेत समीउल्लाह और उसके भाई जबीउल्लाह की भी पिटाई कर दी। हमले में चारों घायल हो गए। ग्रामीणों ने सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। ग्राम प्रधान के मुताबिक ग्राम प्रधान चुनाव में हार के बाद से ही विपक्षी खार खाए हुए थे।
पूर्व में भी इन लोगों ने कई बार मारपीट करने की योजना बनाई थी। इसकी की जानकारी एसपी को 26 जून को लिखित पत्र के माध्यम से दिया गया था। प्रधान ने आरोपियों पर कारज्वाई की मांग की है। वहीं दूसरे पक्ष के नौसा आदि का आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों उन लोगों को मारा पीटा है।
झूठी तहरीर देकर वे दबाव बना रहे हैं। इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्ष से तहरीर मिली है। दोनों पक्षों पर बलवा व मारपीट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।