बांसी पीएचसी में रोते मृतक के घरवाले।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/बांसी। बीते 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। वही एक अन्य युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोटन में जहां पिकअप ने बाइक सवार को कुचल दिया, वहीं बांसी में बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। संबंधित थानों की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना लोटन कोतवाली क्षेत्र के करमैनी गांव के पास की है। नेपाल के नवलपरासी निवासी गौरीशंकर पांडेय का पुत्र जितेंद्र (22) सोमवार की देर शाम क्षेत्र के भुसौली माफी स्थित अपनी बुआ के घर आ रहा था। करमैनी चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह जख्मी जितेंद्र को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता, उससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद चालक पिकअप समेत भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, बांसी कोतवाली क्षेत्र के रानीगंज चौराहे पर कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत निवासी मुबारक का पुत्र नौशाद (18) अपने साथी हयातपुर निवासी शिवमंगल (27) के साथ बाइक से बांसी की ओर जा रहा था। बाइक शिवमंगल चला रहा था, जबकि नौशाद पीछे बैठा था। रानीगंज तिराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे नौशाद को कुचलते हुए ट्रक आगे निकल गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शिवमंगल भी बुरी तरह जख्मी हो गया। आस-पास के लोगों ने उसे बांसी पीएचसी पहुंचाया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।