पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कई जिलों में लूट की घटनाओं में शामिल गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट की बाइक, मोबाइल फोन, असलहा सहित अन्य सामान बरामद हुए हैं। मुख्य रूप से फैजाबाद और सिद्धार्थनगर में सक्रिय इस गिरोह ने हाल ही में कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
गुरुवार को लूट की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एसपी ने गिरोह के सरगना समेत सदस्यों को मीडिया के समक्ष पेश किया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि गिरोह के सदस्य घटना को अंजाम देने से पहले व्यक्ति के गतिविधियों की निगरानी करते हैं।
उसके बाद लूट को अंजाम देते हैं। एसओ मोहाना अनूप शुक्ला और स्वाट टीम प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में टीम को बदमाशों के पीछे लगाया गया था। विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन के बाद टीम ने गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।
पकड़े गए तीनों बदमाश गोंडा जिले के हैं। धानेपुर थाना के जैतापुर का निवासी दीनानाथ इस गिरोह का लीडर है। दो इसी थाना क्षेत्र के बल्दिपुरवा गांव निवासी पुत्तीलाल व शिवकुमार हैं। इनके पास से एक 315 बोर कट्टा, दो कारतूस, रामपुरी चाकू, 6500 रुपये नकद, दो बजाज डिस्कवर बाइक, तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
इन बदमाशों के ऊपर पर जिले के मोहाना और फैजाबाद के बीकापुर थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि गोंडा पुलिस से संपर्क कर बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खुलवाई जा रही है ताकि इनके विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की जा सके।