घटना के बाद जांच पड़ताल करते पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
सिद्धार्थनगर। बारिश के पानी निकासी को लेकर रविवार को सदर थाना क्षेत्र के ग्राम महदेइया में दो गुट आमने सामने हो गए। लोग प्रधानी चुनाव की टशन को भी निकालने में लग गए। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों को सूचित किया। एसडीएम सदर योगानंद पांडेय, सीओ अकमल खान, असिस्टेंट कमांडेट वैंकेटरमण, एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा ने मौके पर पहुंच दोनों पक्ष के ग्रामीणों को थाने पर बुला लिया। घंटों पंचायत के बाद मामले का निपटारा किया गया।
ग्राम महदेईया के बीच से एनएच रोड गुजर रही है। एनएच पर एक पुलिया का निर्माण हो रहा है। जिसके कारण गांव का पानी नहीं निकल पा रहा था। लगातार हुई बारिश से गांव के पूरब सीवान में लगी डेढ़ सौ बीघा फसल जलमग्र हो गई। इसको देख ग्राम प्रधान शब्बीर ने गांव के ही किसान जुबेर अहमद व राजू से करार किया कि उनके खेत के रास्ते पानी की निकासी की जाएगी। इसके बदले उन्हें दो फसल का मुआवजा भी दिया जाएगा।
तीन दिन पानी निकलने के दौरान दूसरे पक्ष ने पानी को रोक दिया। कहा कि पुरानी नाली के रास्ते से पानी को निकाला जाए। मामले को उलझता देख प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे। मौके से ग्राम प्रधान, खेत मालिक समेत इम्तियाज, इकबाल, उजुल कमर, अख्तर आदि को बुला लिया। एनएच के साइड इंजीनियर प्रवीण उपाध्याय से पूछा कि किस विधि से पानी की निकासी हो सकेगी।
इस संबंध में एसडीएम सदर योगानंद पांडेय ने बताया कि मामला चुनावी रंजिश का है। एक पक्ष के जबरिया पानी की निकासी को रोक देने से मामला विवादित हो गया। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था करके मामले का निपटारा कर दिया गया है। दोनों पक्षों को चेतावनी दिया गया।