धेंसा के पास दुर्घटनाग्रस्त बाइक। हादसे के दौरान बचाव को लेकर एकत्रित स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नौगढ़-बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिल्हिया थाना क्षेत्र के धेंसा गांव के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार सफारी ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दिया। बुरी तरह जख्मी युवकों को जिला अस्पताल पर प्रारंभिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद सफारी गांव के बाहर ही पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने वाहन समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के खेतवल गांव निवासी मोहम्मद शफीक (21) व मोहम्मद आरिफ (28) अपने चचेरे भाई इबरार की शादी का कार्ड बांटने बाइक से शोहरतगढ़ की ओर जा रहे थे।
नौगढ़-बढ़नी मुख्य मार्ग पर धेंसा पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक समेत दोनों सवार सड़क की पटरियों से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हालांकि कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित वाहन पेड़ से टकरा गया। आस-पास के लोगों ने शफीक और आरिफ को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
उधर, इस मामले में पुलिस ने वाहन समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि वाहन चालक बलरामपुर जिले के फरेदा निवासी अखंड प्रताप को गिरफ्तार करते मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।