सिद्धार्थनगर जिले में पिछले दस दिनों में आग ने जिले में भयंकर तबाही मचाई। सवा दो सौ गांव बर्बाद हो गए। साढ़े तीन सौ परिवारों के सिर से छत छिन गई। पीड़ित लोग फसल और घर जलने के बाद या तो रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं या फिर खुले में रहने का मजबूर हैं। प्रशासन द्वारा ठोस उपाय न करने और समाचार पत्रों द्वारा घटनाओं की जानकारी के बाद पीड़ितों की मदद के लिए जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाएं और संगठन आगे आए हैं।
शुक्रवार को सांसद जगदंबिका पाल ने कई गांवों में जाकर पीड़ितों का हाल जाना। ग्राम सभा तिघरा में कपड़ा और आर्थिक सहायता दी। साथ ही शीघ्र मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान राजन पांडेय, संतोष पांडेय, कन्हैया लाल गुप्ता, श्यामधनी राही, विजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
बर्डपुर ब्लाक के बजहा गांव टोला सेमरा में मंगलवार को लगी आग से जले मकान पीड़ितों की मदद को स्थानीय लोग आगे आए हैं। आपसी सहयोग से अनाज, कपड़ा, नगद एकत्रित कर पीड़ितों को वितरित किया। इसमें अबुल कलाम आजाद, मजहर अली, भारत प्रसाद, मास्टर साहब, खजांची, अब्दुर्रहमान, फजलू रहमान, बैतूल खान, हबीबुल्लाह आदि ने सहभागिता निभाई।
इसी टोले में सपा के राज्य कार्यसमिति के सदस्य उग्रसेन सिंह की ओर से सभी 56 पीड़ितों को सरकारी कोष से गृह अनुदान के तहत 5200 रुपये का चेक दिया गया। इस मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष सुनील यादव, मंजेश यादव, अबुल कलाम, मो.इब्राहिम व पीड़ितों में रामतीरथ, रामकरन, सीताराम पंचम, साहूरान, ज्ञानदास, प्रेमा, युसूफ सनाउल्लाह मौजूद रहे।
प्रशासनिक व्यवस्था पर गुस्साईं महिला आयोग की सदस्य ः सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जुबैदा चौधरी ने शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अगलगी से प्रभावित गांव बजहा टोला सेमरा पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना। 12 अप्रैल को भीषण आग से गांव के तबाह होने के बावजूद प्रशासन द्वारा पर्याप्त सहायता न पहुंचाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अफसरों को तत्काल मदद पहुंचाने को कहा। आग में गांव के 30 घर जल गए थे। इससे पीड़ित परिवार खुले आसमान मेें गुजर-बसर कर रहे हैं। जुबैदा चौधरी ने डीएम से वार्ता कर गांव में 10 लोहिया आवास दिए जाने के साथ ही 24 घंटे में आर्थिक मदद दिलाने को कहा। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों में बर्तन व कपड़े भी बांटे। पूर्व बीडीसी मुस्तकीम, वसीम, राजमती, फिरोज चौधरी आदि मौजूद रहे।
संघ के स्वयं सेवक भी तिहारा गांव पहुंचे ः सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवकों ने शुक्रवार को आग की घटना में प्रभावित गांव तिघरा पहुंचकर पीड़ितों के बीच मदद बांटी। ककरहवा क्षेत्र के तिघरा गांव में पिछले दिनों आग से 41 घर जल गए थे। स्वयंसेवकों ने गांव जाकर बच्चों को टीशर्ट, महिलाओं को साड़ी, बर्तन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं बांटीं। इसमें मुख्य रुप से जिला प्रचारक प्रकाश जी, बालकृष्ण, दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य आशीष शुक्ला, अंकुर सिंह, हरिश्चंद्र, जयप्रकाश, अष्टभुजा, राकेश गुप्ता, जय प्रकाश अग्रहरि, राम प्रसाद चौरसिया, लालजी जायसवाल, रामानंद मोदनवाल, राजकिशोर, विशेश्वर प्रसाद अग्रहरि आदि मौजूद रहे।