बर्डपुर। मदरसा बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को बर्डपुर के नव ज्योति सिद्धार्थ इंटर कॉलेज केंद्र पर एक मुन्नाभाई पकड़ा गया। वह शादी समारोह में हिस्सा लेने गए फुफेरे भाई की जगह परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने उसे पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में उसने एक दिन पहले भी परीक्षा देने की बात स्वीकार की। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
मोहाना थाना क्षेत्र के नव ज्योति सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में सोमवार को मदरसा बोर्ड के आलिम (इंटर) की परीक्षा चल रही थी। दूसरी पाली में कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र से परीक्षार्थियों का मिलान कर रहे थे तो उनकी नजर एक युवक पर पड़ी। प्रवेश पत्र में चस्पा फोटो से उसकी तस्वीर नहीं मिल रही थी। शक होने पर उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक ओमप्रकाश यादव को सूचित किया। छात्र से पूछताछ हुई तो उसने अपना नाम अब्दुल अजीम व पता सदर थाना क्षेत्र का खुशराजपुर बताया। बताया कि वह अपने फुफेरे भाई तेतरी बाजार निवासी सेराज अहमद की जगह पर परीक्षा दे रहा है। सेराज एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गया है। इससे पहले रविवार को भी उसने परीक्षा में हिस्सा लिया था। केंद्र व्यवस्थापक की सूचना पर पहुंचे एसआई रामभवन पासवान, कांस्टेबल राम स्नेही, दिग्विजय सिंह युवक को पकड़ कर थाने ले गए। बाद में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। प्रभारी एसओ रामभवन यादव ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की ओर से तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।