इटवा में घटनास्थल पर खड़ी बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। रिश्तेदार से मिलने के लिए घर से निकले व्यक्ति की बूढ़ी राप्ती नदी में लाश मिली है। उसकी बाइक नदी किनारे निर्मित छगड़िहवा घाट पर लावारिस हाल में मिली। मामला त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से निकलवाया। छानबीन के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि रात में बाइक अनियंत्रित होने से युवक पुल से नीचे चला गया। छगड़िहवा घाट की ओर सुबह की सैर पर निकले आस-पास के लोगों की नजर घाट के किनारे पड़ी लावारिस बाइक पर पड़ी।
संदेह होने पर सूचना बिस्कोहर चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो बाइक पर जमाल अहमद निवासी डोकम अमया अंकित था। पुलिस ने उससे संपर्क साधा तो पता चला कि उसने बाइक बुधवार को बिस्कोहर के डिहवा निवासी रसिक उर्फ दौलत यादव (42) को दिया था। पुलिस ने रसिक के घरवालों को सूचना दी। घरवालों ने बताया कि वह बुधवार को बलरामपुर जिले में स्थित अपनी बेटी से मिलने जाने की बात कह घर से निकला था, उसके बाद से नहीं लौटा। अनहोनी की आशंका में पुलिस ने गोताखोर राजेश कश्यप, शंकर कश्यप को नदी में उतारा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नदी से रसिक यादव का शव बरामद हुआ। इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर देवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि मृतक के चचेरे भाई केशव ने तहरीर दी है। इसमें डूबने से मौत का जिक्र किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।