क्राइम ब्रांच व महोली कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर 25 हजार के नकली नोट के साथ एक युवक को दबोचा है। पुलिस ने कैश के अलावा एक मोबाइल व बाइक भी बरामद की है। हालांकि आरोपी का एक साथी भाग निकला।
पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पकड़ा गया आरोपी खीरी के खमरिया निवासी एक व्यक्ति से नकली करेंसी लाकर महोली इलाके में खपाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी, कि दो लोग लखीमपुर से नकली करेंसी लाकर महोली में खपाते थे। इस पर पुलिस टीम ने मुखबिर से सूचना मिलने पर आरोपियों के पकड़ने के लिए महोली के रामलीला वार्ड के पास घेराबंदी कर ली।
बाइक से नकली करेंसी लेकर आ रहे दो लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ललकारा तो दोनों युवक बाइक छोड़ भागने लगे। इस पर पुलिस ने एक आरोपी को दौड़ा कर पकड़ लिया। आरोपी का नाम खैराबाद के मियां सरांय निवासी हसीब खां उर्फ गुड्डू बताया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से पांच सौ के 25 हजार नए नोट बरामद किए हैं। यह नोट नकली है। आरोपी के पास से एक मोबाइल व उसकी बाइक भी बरामद की गई है। भागे साथी के बारे में पता लगाया जा रहा है।
उसके बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पता चला है कि वह लखीमपुर के खमरिया निवासी किसी पिंटू नाम के व्यक्ति से नकली नोट लाकर महोली में खपाते थे। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है। घटना से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच पड़ताल चल रही है। इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों को भी दबोचा जाएगा।