शोहरतगढ़ क्षेत्र के छतहरी में लूटपाट के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। हौसलाबुलंद बदमाशों ने बुधवार रात शोहरतगढ़ थाने से सटे छतहरी गांव में धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने घर में अकेली वृद्धा को बंधक बना लिया और उससे मारपीट की। घर में रखे नकदी और वृद्धा के शरीर से आभूषण लेकर फरार हो गए। शोरगुल सुनकर पहुंचे ग्रामीणों की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वृद्धा को मुक्त कराया। मामले में गांव के ही एक युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
थाने से 500 मीटर दूर स्थित छतहरी गांव के मध्य में 70 वर्षीय मुन्नी देवी मकान बनाकर अकेली रहती हैं। उसकी एक बेटी व दामाद नौगढ़ में रहते हैं। वही वृद्धा की देखभाल भी करते हैं। बुधवार रात वृद्धा घर में सोई थी, इस बीच तीन की संख्या में बदमाश घर में घुस गए।
खटपट की आवाज सुनकर वृद्धा की नींद खुली तो बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और गला कसने लगे। वृद्धा के अचेत होने पर मृत समझकर बदमाशों ने उसके शरीर पर मौजूद नाक, कान और पांव के आभूषण उतार लिए। बक्से में रखा नकदी भी उठा लिए। इस बीच वृद्धा के घर में खटरपटर की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जगकर घर से बाहर निकले तो तीन लोग गांव से बाहर की ओर भागते दिखे।
झाड़ियों के पास रखी बाइक पर बैठकर तीनों फरार हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर शोहरतगढ़ पुलिस पहुंची तो वृद्धा के हाथ पांव बंधे थे और वह निढाल पड़ी थी। उसे मुक्त कराने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां से बाद में परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए। वृद्धा के दामाद हरि प्रताप रावत ने 10 हजार नकदी, आभूषण व अन्य सामान लूटे जाने की तहरीर दी है।
एसओ मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ लूट व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें एक आरोपी की पहचान गांव के ही एक युवक के रूप में हुई है, जो नकबजनी के मामले में पहले से ही वांछित है। पुलिस ने शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है।