शोहरतगढ़। सामान्य से घरेलू विवाद एकाएक गंभीर आपराधिक घटना में बदल गई। कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में पति ने पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। घटना सुरैया मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर की है। लिहाजा एसिड अटैक से महिला के गर्दन के नीचे का हिस्सा झुलस गया। वहीं, आसपास के लोगों ने उसे शोहरतगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद से ही पति फरार है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान लिया। वहीं, घटना की छानबीन की जा रही है।
नगर के वार्ड नंबर पांच सुरैया मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश उर्फ संतोष कहार का अपनी पत्नी राधिका (25) से शुक्रवार की दोपहर किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। दोनों में जमकर कहा-सुनी हुई। बात बढ़ी तो ओमप्रकाश ने गुस्से में घर रखा तेजाब राधिका पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। राधिका की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे और आनन-फानन में शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सूचना पर आई पुलिस ने उससे पूछताछ की।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने बताया कि तेजाब से महिला के शरीर पर गर्दन से नीचे का हिस्सा झुलस गया है लेकिन हालत खतरे से बाहर है। उसका उपचार चल रहा है। इस संबंध में एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती राधिका से पूछताछ की गई है। आरोपी पति फरार है जिसकी तलाश जारी है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।