बांसी। बांसी कोतवाली क्षेत्र के करहीडीह बभनी गांव के पास सोमवार की सुबह एक युवती का अधजला शव पाया गया। बुरी तरह जले शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर एसपी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
आशंका जताई जा रही है कि युवती की अन्यत्र हत्या कर यहां लाकर शव जलाया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सोमवार की सुबह करहीडीह बभनी गांव के ग्रामीण सुबह की सैर के निकले तो उनकी नजर बांसी-नौगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित फजीहतवा नाले के पास पड़े अधजले शव पर पड़ी।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। शव बुरी तरह जला हुआ था। अवशेषों के आधार पर उसकी पहचान युवती के रूप में हुई। मौके पर गद्दानुमा कपड़ों के अवशेष मिले हैं।
आशंका जताई जा रही है कि युवती की अन्यत्र हत्या के बाद शव को गद्दे में लपेट कर यहां लाकर जला दिया गया। एसपी महेंद्र यादव, सीओ सदर अकमल मां, इटवा दीनानाथ त्रिपाठी ने भी मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टीम गठित कर शिनाख्त और मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश होगा।