हिमायूंपुर में अपहरण की आशंका के बाद युवक के साथ मारपीट कर दी गई
हिमायूंपुर में एक बालक को अगवा करने के शक पर भीड़ ने स्कार्पियो सवार युवक को पकड़ लिया। उसकी धुनाई कर दी। जबकि तीन लोग भाग निकले। पुलिस पकड़े गए युवक को थाने ले आई। उससे पूछताछ की जा रही है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिमायूंपुर नाले की पुलिया की तरफ से चार युवक स्कार्पियो से गांव रुपसपुर की ओर जा रहे थे। पुलिया के समीप भीड़ होने के कारण जाम के हालात बने हुए थे। तभी स्कार्पियो से उतरे एक युवक ने लोगों को हटाने का प्रयास किया। आरोप है कि कुछ लोगों से युवक की तड़का भड़की हो गई। इस पर वहां मौजूद भीड़ ने बालक को अगवा करने का हल्ला मचा दिया और युवक को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। जबकि उसके साथ स्कार्पियो लेकर भाग निकले। लोगों का आरोप था कि कुछ दिन पहले एक बालक मोहल्ले से अगवा हो गया है। जबकि एक बालक को दो दिन पूर्व अगवा करने की कोशिश की गई। सूचना पर चौकी प्रभारी सुहागनगर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुुंच गए। पुलिस युवक को थाने ले आई। थाना पुलिस ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले अजय (12) को दो दिन पहले अगवा करने की कोशिश की गई थी। अजय ने ही स्कार्पियो सवारों को देखकर लोगों से कहा था कि वह उसे जबरन साथ ले जाना चाहते हैं। इस पर भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया। बाद में पुलिस अजय और उसके परिवारीजनों को भी थाने ले आई। वहां युवक की शिनाख्त बालक अजय से कराई गई तो उसने पहचानने से मना कर दिया। युवक ने अपना नाम लक्ष्मण निषाद निवासी नगला बिहारी थाना एत्माउद्दौला आगरा बताया। उसने बताया कि वह अपनी बहन के यहां साथियों के संग जा रहा था। सूचना पर उसके परिवारीजन भी आ गए। कोतवाल दक्षिण का कहना है कि लक्ष्मण को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके साथियों को भी थाने बुलाया गया है। इस बारे में आगरा पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।