लोटन। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात 8 बजे के करीब महिला से हुए छिनैती के मामले में सोमवार दिन में एक आरोपी को ठोठरी बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लूटे गए कान के झाला को बेचने के फिराक में था तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम लोटन कस्बा निवासी कौशल पथरकट है।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक 9 सितंबर की रात घर को जा रही महिला राबड़ी देवी पत्नी चौथी के कान से सोने के झाला को एक युवक छीनकर भाग गया था। इस दौरान महिला का कान भी कट गया था। पुलिस को तहरीर देते समय महिला ने बताया कि युवक के बड़े-बड़े बाल थे। भागने के दौरान हड़बड़ी में उच्चका अपनी एक पैर की चप्पल को छोड़ दिया था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। सोमवार को दिन में मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाजार में झाला बेचने के फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंच आरोपी को दबोच लिया और उसे जले भेज दिया है। इस संबंध में सीओ सदर अकमल खान ने बताया कि आरोपी को लूट के माल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।