सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र से बरामद हुए जाली नोटों की जांच पुलिस ने महाराष्ट्र प्रांत में नासिक स्थित राष्ट्रीय नोट प्रेस में कराई। निरीक्षण में बरामद एक लाख रुपये की करेंसी फे क निकली। जांच में जाली नोट होने की पुष्टि के बाद अब पुलिस आरोपियों पर एनएसए व गैंगेस्टर की कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई है।
सदर थाने और स्वॉट की संयुक्त पुलिस टीम ने 22 अप्रैल को जाली नोट के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने एक लाख रुपये जाली नोट बरामद किया था। बरामद नोट एक हजार व पांच सौ के थे, जिनकी संख्या 159 थी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कपिलवस्तु क्षेत्र के ग्राम गनवरिया निवासी महफूज अहमद, थाना चिल्हिया के ग्राम सिसहनिया निवासी मोहम्मद रईश अहमद, ग्राम बर्डपुर नंबर 13 निवासी श्यामसुंदर यादव, थाना मिश्रौलिया के ग्राम पिपरी पठानडीह निवासी महमूद के रुप में हुई थी।
पुलिस की पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली थी। एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए जाली नोटों को जांच के लिए नासिक स्थित राष्ट्रीय प्रेस में भेजा गया था। वहां की लैब में सभी नोट जाली निकले। आगे बताया कि अब जेल भेजे गए आरोपियों के खिलाफ एनएसए व गैंगेस्टर की कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस गैंग से जुड़े कुछ और लोगों की तलाश भी की जा रही है।